गुरुवार, 18 अगस्त 2011

बलंग्या

बलंग्या, हां यही नाम था स्कूल के हमारे उस सहपाठी का। सब उसे इसी उपनाम से पुकारते थे, लेकिन यहां आपको इतना बताना जरूरी है कि वर्तमान लंकाई क्रिकेट टीम के खिलाडी मलिंगा से कोई लेना-देना नही है। बलंग्या के परिचय के बगैर अजमेर की तत्कालीन हस्तियों का वर्णन अधूरा ही रह जाता इसलिए भी बलंग्या के बारे में आपको बताना जरूरी समझा गया। और बातों के अलावा उसकी एक खासियत यह भी थी कि शारीरिक कद-काठी में तो वह औरों से उन्नीस ही बैठता था, लेकिन शरारतों में उसका नाम काफी ऊपर था।
कहते हैं कि पूत के पांव पालने में ही दिखाई दे जाते हैं। यही बात बलंग्या पर लागू होती थी। एक ही दृष्टान्त से आप सब कुछ समझ जायेंगे। उसके बचपन में एक बार उसको साथ लेकर उसके मां-बाप किसी सामाजिक समारोह में गए। वहां भीड-भाड़ में वह उनसे बिछुड़ गया। कुछ देर बाद कार्यकर्ता उसको लेकर मंच पर पहुंचे। माइक थामे उद्घोषक ने उसका पता ठिकाना जानने के लिए उससे कई सवाल पूछे, लेकिन क्या मजाल जो बलंग्या ने पूछने वाले को उसके कोई काम की बात बताई हो?
संवाद आप भी देखिये:-
...तुम्हारा क्या नाम है बेटा! उदघोषक ने पूछा।
...बलंग्या. इनका जवाब था।
...तुम्हारे पिताजी का क्या नाम है ?
...पापा।
...तुम कहां रहते हो?
...मम्मी के पास।
...तुम्हारे पिताजी क्या काम करते हैं?
...जो मम्मी कहती है वह करते हैं।
देखा आपने? कहते हैं कि कुछ जानकार लोगों ने तो तब ही कह दिया था कि बडा होकर ऐसा ही आदमी सरकारी प्रवक्ता बन सकता है। सब कुछ बता दिया और कुछ भी नहीं बताया। वरना आजकल तो बड़े बडे राजनीतिक दलों के अधिकांश प्रवक्ता वातावरण में कड़वाहट घोलते रहते हैं। स्पष्ट है कि जब सामाजिक मंच पर हुई इस खुली पूछताछ का कोई नतीजा नहीं निकला तो मंच से ही फिर ऐलान किया गया कि एक बच्चा खो गया है जो अपना नाम बलंग्या बताता है। जिनका बच्चा है वह आकर ले जाए। थोड़ी देर बाद इनके पिताजी मंच पर आए और उद्घोषक से झगडऩे लगे कि आपने मुझे 'जिनÓ कैसे कहा। सभी इनके पिताजी को समझाने लगे कि आपको जिन नही कहा है। इनका आशय तो यह था कि जिस किसी का भी बच्चा हो वह यहां आकर ले जाए। बडी मुश्किल से वह माने।
बचपन में इनको रामलीलाओं का भी बहुत शौक था। वहां इनको लीलाओं में कम और शैतानियों में ज्यादा मजा आता था। एक बार स्थानीय नया बाजार घास कटला में लीला चल रही थी। एक ब्रेक के दौरान बलंग्या पर्दे के पीछे गया और असमय ही पर्दा उठाने की रस्सी खींच दी। उस समय कलाकार रिलैक्स कर रहे थे। अचानक उठे पर्दे से दर्शक यह देख कर भौंचके रह गए कि रावण और सीता बने पात्र 'शेयरÓ करके बीड़ी पी रहे थे। हालांकि उन दिनों शेयरों के बारे में लोग कम ही समझते थे। खैर, एक जोरदार ठहाका लगा. किसी तरह लाइट बंद करके आयोजकों ने स्थिति को संभाला।
लगे हाथ ही आपको एक घटना और बता दूं। आज लोग भले ही कुछ भी दावा करें लेकिन यह ऐतिहासिक घटना भी हमारे यहां की राम लीला की है। उपरोक्त राम लीला के रावण बनने वाले पात्र को अचानक ही बुलन्दशहर-उत्तर प्रदेश अपने गांव जाना पड़ गया। उस रोज रामायण का रावण-अंगद संवाद होना था। आयोजकों के सामने बड़ी समस्या थी, अब क्या किया जाय? किसी तरह ढंूढ़ कर, समझा-बुझा कर शहर के बाल्या हलवाई को तैयार किया गया। जब लीला चालू हुई तो इस सीन का अवसर भी आया। एक जगह जब रावण-अंगद में परम्परागत संवाद की सीमा लांघते हुए ज्यादा ही गर्मागर्मी होने लगी और रावण ने अंगद से उसका परिचय पूछा तो अंगद ने भी रावण को पूछ लिया कि तुम कौन हो? तो रावण बना पात्र घबड़ा गया और उसने कहा कि 'मैं तो बाल्या हलवाई हूंÓ, इस बात पर जो ठहाका लगा वैसा ठहाका तो आज तक कभी देखने-सुनने में नही आया।
स्थानीय डिग्गी बाजार स्थित रामायण मंडल में प्रतिवर्ष जन्माष्टमी पर कृष्ण जन्म का नाटक दिखाया जाता था। उसमें कलाकार रोबिन मास्टर कंस बना करता था। एक बार की बात है कि नाटक में कंस का दरबार लगा हुआ था और एक राक्षस गाना गा रहा था 'काले कव्वे से भी बढ़ कर, काला मेरा रंग, देखने वाले चहका जाए, अद्भुत मेरा ढंग, कहिये कहिये हुजूर, क्यों कर बुलाया दरबार में जरूर...Ó इतने में ही दर्शकों में बैठा बलंग्या उठा और बोला कि इस कंस को पूछो कि इसने इस राक्षस को यहां क्यों बुलाया है? यह सुनकर सब हंसने लगे।
हर साल नृसिंह चतुर्दशी को स्थानीय नया बाजार में काल्या-लाल्या का मेला भरता आया है। बहुत पहले की बात है, जब प्रहलाद पान वाले को हरिण्यकश्यप बनाया जाता था। उस साल भी यही हुआ। इस लीला में नृसिंह अवतार से पहले हरिण्यकश्यप को तीन-चार व्यक्तियों द्वारा पीछे से पकड़ कर मंच पर कूद-फांद कराई जाती है जो उसके निरकुंश शासन एवं मनमानी का प्रतीक है। हालांकि अब भी कहीं कहीं उसी निरंकुशता की झलक मिलती है, परन्तु अब मंत्रियों को सरे आम कुदाया नहीं जाता। खैर, एक बार कुदाने वालों का रोल बलंग्या को मिल गया। बस फिर क्या था। उसने प्रहलाद पान वाले को जरूरत से ज्यादा ऊचा उछाल दिया। वह तो गनीमत थी कि बाकी लोगों ने वक्त पर उस ऑवर हाईजम्प को संभाल लिया वर्ना उस रोज हरिण्यकश्यप के लिए नृसिंह अवतार की अलग से जरूरत ही नहीं पड़ती।
एक बार हाई स्कूल में हमारी पढ़ाई के दौरान छात्रों की हड़ताल हुई। हममें से अधिकांश को यह पता ही नहीं था कि हड़ताल किस विषय को लेकर है, परन्तु चाहे अनचाहे सभी उसमें शामिल थे। मास्टर भी अंदर ही अंदर खुश थे, परन्तु किसी को कह नहीं रहे थे। अपनी स्कूल की छुट्टी कराने के बाद हम लोगों ने दूसरी स्कूल का रुख किया। इस अभियान में बलंग्या का दो सूत्री कार्यक्रम था। 1. स्कूल पहुंच कर वहां की घंटी बजा देना. 2. स्कूल के समस्त गमलों को तोडऩा और अपने इस अभियान में वह शत-प्रतिशत सफल रहा था। उन्ही दिनों हमारे स्कूल की गोल्डन जुबली मनाई गई। उसमें हॉकी, फुटबॉल, कबड्डी के टूर्नामेन्ट हुए। क्लास कम्पीटीशन हेतु हमारी क्लास की फुटबॉल टीम का चयन होना था। हम सभी इच्छुक लड़के मैदान में पहुंचे। बलंग्या भी उनमें था। हमें बारी-बारी पैनल्टी किक से बॉल गोल में पहुंचानी थी। जब बलंग्या की बारी आई तो उसने अपनी भरपूर शक्ति बॉल में किक लगाई, लेकिन बॉल गोल में पहुंचने की बजाय उसका जूता गोल में पहुंचा और बॉल वहीं पड़ी रही। हालांकि इसे गोल नहीं माना गया फिर भी घटना पर सभी ने ताली बजाई, लेकिन इतना जरूर हुआ कि बलंग्या ने टीम में शामिल होने की फिर जिद्द नहीं की।
ऐसे ही एक और मौके पर हैमर थ्रो (लोहे के एक ठोस गोले को चेन के माध्यम से, घेरे की परिधि में रहते हुए, घुमा कर फेंकना होता है) का ट्रायल चल रहा था। बलंग्या ने भी अपना भाग्य आजमाना चाहा। उसने हैमर उठा कर उसे घुमाया लेकिन उसी दौरान हैमर उसके हाथ से छूट गया और वह वहीं घेरे में गिर गया, लेकिन बलंग्या छिटक कर घेरे से दूर जा पड़ा।
हमारा स्कूल वैसे तो हाई स्कूल था, लेकिन वहां फीस के अलावा कुछ भी 'हाईÓ नहीं था। इंगलिश हमें छठी क्लास से पढ़ाई जाती थी और वह विद्यार्थियों के लिए ही नहीं, पढ़ाने वालें मास्टरों के लिए भी जानलेवा थी। जब कभी कोई कोई मास्टर कहीं अटक जाता तो हमें कहता कि इसे छोड़ दो, यह इम्पोरटैन्ट नही हैं या कहते यह एक्जाम में नहीं आयेगा इत्यादि। यह सुन कर हम सब खुश हो जाते।
एक बार हमारी कक्षा में मास्Óसाब ने आनासागर झील पर दस लाइनें लिख कर लाने का हॉम वर्क दिया। मुझे अच्छी तरह याद है जब मास्Óसाब ने क्लास में बलंग्या की कॉपी खोल कर सबको बताया, जिसमें लिखा था 'ही इज ए बिग लेकÓ, उसका आशय होगा कि वह एक बड़ी झील है। एक बार हमारे इंगलिश के टीचर हमें पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी दे रहे थे। उसी समय उन्होंने बलंग्या से पूछा कि किसी को यहां बुलाना हो तो कैसे बुलाओगे? तो उसने कहा 'कम हेयरÓ, अब मास्Óसाब ने पूछा कि अगर यह कहना हो कि वहां जाओ तो क्या बोलोगे, तो बलंग्या स्वयं कुछ दूर चला गया और वहां जाकर उसने पुकारा 'कम हेयरÓ।
एक बार की बात है कि टीचर की अनुपस्थिति में बलंग्या क्लास में कोई शैतानी कर रहा था। कुछ देर बाद जब मास्Óसाब आए तो किसी के शिकायत करने पर उन्होंने उसे खूब डांटा। थोडी देर बाद मास्Óसाब जब किसी काम से हैडमास्टर साहब के कमरे में गए तो किसी और वजह से उन्होंने मास्Óसाब से कहा कि बलंग्या को मेरे पास भेजना। मास्Óसाब ने क्लास में आकर बलंग्या को कहा 'यू गो एन्ड रिपोर्ट टू एच एमÓ परन्तु बलंग्या गया ही नहीं। दूसरे रोज एचएम ने मास्Óसाब को दुबारा कहा तो मास्Óसाब ने बलंग्या से पूछा कि तुम्हें मैंने एचएम को जाकर रिपोर्ट करने को कहा था लेकिन तुम गए नहीं। इस पर बलंग्या ने जवाब दिया कि मैं आपकी एचएम से क्या रिपोर्ट करता? मेरी कौन सुनता?
कक्षा सात की भूगोल विषय की क्लास की बात है। एक बार हमारे मास्Óसाब ने बलंग्या से पूछा कि पृथ्वी गोल है, इसके प्रमाण बताओ, तो बलंग्या ने कहा कि साब! मेरे पास एक जासूसी उपन्यास था। एक रोज मेरा एक जिगरी दोस्त मांग कर उसे पढऩे ले गया। देते वक्त मैंने उसे किसी और को देने से मना किया था, लेकिन उसने उस उपन्यास को अपने किसी खास मित्र को पढऩे हेतु दे दिया और कहा कि इसे किसी को मत देना। इसके बावजूद उस लड़के ने उसे किसी और को दे दिया। इस तरह वह किताब घूमते-घूमते फिर मेरे पास आ गई। तभी मैं समझ गया था कि पृथ्वी गोल है। वैसे इसके पहले भी मैंने कई बार देखा कि भक्त लोग मंगलवार को हनुमानजी के मंदिर के बाहर खड़े ठेले वालों से प्रसाद खरीद कर मंदिर में चढ़ाते थे तो कुछ प्रसाद घूम फिर कर वापस ठेलेवालों के पास आ जाया करता था।
ऐसा विक्टोरिया हास्पीटल में भी कई बार हुआ। लोग-बाग मरीज के लिए दवाइयां-इन्जैक्शन-ग्लूकोज इत्यादि खरीद कर ऑपरेशन थियेटर में देकर आते उन्हीं में से कुछ वापस मेडीकल स्टोर पर बिकने हेतु आ जाती थी। इन बातों से सिद्ध होता है कि पृथ्वी गोल है। यह सुनकर मास्Óसाब ने वह चुप्पी साधी कि पीरियड की घन्टी पर ही उनकी चुप्पी टूटी।
एक बार और इन्ही मास्Óसाब ने बलंग्या को क्लास में पूछा कि अच्छा बताओ पृथ्वी से चांद कितना दूर है, तो बलंग्या ने तत्काल सीधा-सपाट जवाब दिया कि जितनी चांद से पृ्थ्वी दूर है उतना ही पृथ्वी से चांद दूर है।
एक रोज इतिहास की क्लास में मास्Óसाब ऐतिहासिक महत्व की इमारतों के बारे में पढ़ा रहे थे। तभी उन्होंने बलंग्या से पूछा कि कुतुबमीनार कहां है? बलंग्या चुपचाप खड़ा रहा। इस पर मास्Óसाब ने फिर कहा कि मैं पूछता हूं कुतुबमीनार कहां है, लेकिन बलंग्या को पता हो तो बताए, वह चुपचाप ही खड़ा रहा तो मास्Óसाब ने कुछ गुस्से में उसे कहा कि तुम घर पर किताब खोल कर नहीं देखते। कल अपने पिताजी को अपने साथ लेकर आना तुम्हारी शिकायत करूंगा। रुआंसा बलंग्या घर आया। घर पर उसके पिताजी अपने एक मित्र के साथ बैठे गप्पें लगा रहे थे। उसके पिताजी ने जब उसे देखा तो उससे पूछा कि क्या बात है तो बलंग्या ने उनको क्लास में घटित सारी बात बताई जिसे सुनकर उन्होंने उल्टा बलंग्या को ही डांटा और कहा कि तू ने कुतुबमीनार को कहां छिपा रखा हैं, बताता क्यों नहीं? लेकिन यहां भी बलंग्या ने यही कहा कि कुतुबमीनार मेरे पास नहीं है, आप चाहो तो किसी को पूछ लो। बलंग्या का जवाब सुनकर उसके पिताजी और भी गुस्सा हुए और उसे कहा कि चल तेरी जेबें दिखा। इस पर उसने अपने हाफपेंट की दोनों जेबें उलट कर दिखाई कि वाकई कुतुबमीनार उसके पास नहीं है। यह देखकर उसके पिताजी के मित्र ने दखल देते हुए कहा कि यार! इसके स्कूल के बस्ते में देखो, कहीं इसने कुतुबमीनार वहीं न छिपा रखा हो। इस पर बलंग्या के पिताजी ने उसके बस्ते को उलट कर देखा लेकिन वहां भी उनको कुतुबमीनार नहीं मिली। अब तो सभी को चिंता होने लगी। पिताजी ने कहा कि ऐसे चीजें गायब होने लगीं तो तुम क्या पढ़ाई करोगे? पिताजी के मित्र की तो यह भी सलाह थी कि कुतुबमीनार के गुमने की रिपोर्ट पुलिस में करवा देनी चाहिए ताकि क्लाक टॉवर थाने के हवाले से 'गुमशुदा की तलाशÓ के अन्तर्गत टीवी चैनल पर विज्ञापित हो सके। स्थानीय अखबारों में भी विज्ञापन निकलवा देना चाहिए कि कुतुबमीनार खो गई है, जिस किसी को भी मिले वह निम्न पते पर पहुंचा दे। उसे आने-जाने के खर्च के अलावा उचित इनाम दिया जायगा। इतनी देर बलंग्या गुमसुम बैठा यह सब देखता रहा। इतने में उसकी मां इधर की तरफ निकली और जब उसे पता पड़ा कि बच्चें से कुतुबमीनार खो गई है तो वह बलंग्या से बोली कि कोई बात नहीं, अगली बार जब तू इनके साथ रावण के मेले में जायेगा तो यह तेरे को दूसरी कुतुबमीनार दिला देंगे। अभी तो चलकर रोटी खाले।
यह व्यंग्य लेख सेवानिवृत्त इंजीनियर श्री शिवशंकर गोयल ने भेजा है। उनका संपर्क सूत्र है -फ्लेट नं. 1201, आई आई टी इंजीनियर्स सोसायटी, प्लाट नं. 12, सैक्टर न.10, द्वारका, दिल्ली- 75, मोबाइल नंबर: 9873706333

शनिवार, 6 अगस्त 2011

भंवर बांगा म्है आजोजी!

मैं तो उस घड़ी को कोस रहा हंू, जब नामकरण के समय मां-बाप ने मेरा नाम भंवर रख दिया। इसको लेकर मुझे कई बार गलतफहमियां भी हुई हैं। ऐसे ही एक बार का किस्सा है, मैं घर पर बैठा था। बरसात का मौसम था और पड़ौस से कहीं गानों की मधुर-मधुर आवाजें आ रही थीं। वैसे भी सुहावने मौसम में कोई भी उन गानों अथवा गीतों को सुन कर चुप कैसे बैठ सकता है?
एक गाने के बोल थे 'सावन के झूले पड़े, सैयांजी हमें तुम क्यों भूले पड़ेÓ। इसके बाद दूसरा गाना बजा 'बन्नारे! बांगा म्है झूला डाल्या ...Ó एक नायिका बाग में झूला डाल कर अपने प्रेमी को झूला झूलने हेतु निमंत्रण दे रही है। इसके तत्काल बाद ही एक फिल्मी गीत बजा 'बागों म्है बहारों में, गलियों में चौबारों में, मैं ढूंढूं, तू छिप जाÓ यह सुन कर मैं तन कर बैठ गया लेकिन तभी एक और गीत बजा, 'भंवर बांगा म्है आजो जी......पपहियो बोल्यो जी!Ó नायिका भंवर जी को किसी बाग में बुला रही है और कह रही है कि पपीहा पक्षी भी बोल रहा है। तभी मैंने सोचा कि आज जरूर कोई बात है, वर्ना एक के बाद एक ऐसे शुभ संकेत कैसे आ रहे हैं और इस आखिरी गीत में तो मेरा नाम लेकर ही मुझे बागों में बुलाया जा रहा है। मेरा मन खुद ही बा-बाग हो गया और मैं अपना आपा खो बैठा तथा बाग में जाने की तैयारी करने लगा, लेकिन जब मैं कपड़े पहन कर तैयार हुआ तो सोचने लगा कि मेरे को आखिर किस बाग में बुलाया गया है, यह तो बताया ही नहीं? वैसे होने को जंहागीर तथा शाहजहां का श्रीनगर में शालीमार और निशात बाग बनवाया हुआ है, कहीं उसी में आने का इशारा न हो, लेकिन फिर सोचा, जिस बाग के चारों ओर यदा-कदा गोलियों की आवाजें गूंज जाती हो, भला वहां भंवर जी को कौन बुलायेगा? फिर मेरे दिमाग में आया कि कहीं चंडीगढ़ के पिन्जौर गार्डन का बुलावा तो नहीं है? लेकिन अपने स्टैन्डर्ड को देखते हुए मैंने स्वयं ने ही इस संभावना को खत्म कर दिया। एकबारगी मन में यह भी आया कि कही राष्ट्रपति भवन के मुगल गार्डन का तो बुलावा नहीं है, जहां के रखरखाव पर ही हिन्दुस्तान की गरीब जनता के लाखों रुपए रोज खर्च हो जाते है। लेकिन फिर ख्याल आया कि वह गार्डन तो बकौल भू. पू. मंत्री शशि थरूर 'कैटल क्लासÓ यानि साधारण आदमियों के लिए है ही नहीं, फिर मेरे जैसे को वहां कौन बुलायेगा?
आदमी के ख्याल ही तो हैं, जितने ऊंचे उड़ जाएं, उतने कम है। एक ख्याल यह भी आया कि कहीं पूरब दिशा से बुलावा न आया हो और फौरन ही कलकत्ता के ईडन गार्डन का विचार कौंधा, लेकिन वहां आजकल बंगाल की दीदी का बोलबाला है, जिसे कॉरपोरेट जगत का मीडिया खूब हवा दे रहा है। गोया कि वहां आज तक जो कुछ हुआ गलत ही हुआ हो।
अचानक मुझे विचार आया कि हो न हो मुंबई के ही किसी बाग का बुलावा हो। वैसे भी वहां का नेहरू गार्डन सांझ ढ़लते ही प्यार की पींगें बढ़ाने का उपयुक्त स्थान कहलाता है। लेकिन मुंबई को लेकर मन में उत्साह पैदा नहीं हुआ क्योंकि वहां के प्रसिद्ध शिवाजी पार्क में तो अब राजनीतिक दलों के जो भाषण होते हैं, वह सब सुनत-सुनते लोगों के कान पक गए, सब थोथी बातें!
सुना था कि मैसूर के पास कावेरी नदी पर बने कृष्णार्जुनसागर बांध के पास वृन्दावन गाार्डन है, जहां म्यूजीकल फव्वारे है, लेकिन ऐसी जगह मुझे बुला कर कौन आफत मोल लेगा और चेन्नई में तो 'स्नेक गार्डनÓ यानि सांपों का बाग ही है और आप जानते हैं, ऐसी जगह शृंगार रस में डूबने की नहीं होती।
यों होने को जोधपुर के पास राईका बाग है, लेकिन यह सब राई और बाग दोनो को ही बदनाम करने के लिए काफी है। उधर जयपुर में वास्तुकार विद्याधर का बाग, दुलाराम का बाग, सिसौदिया गार्डन इत्यादि हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश आम जनता के लिए है ही नहीं, फिर वहां से बुलावा क्यों कर आयेगा? वैसे भी अजमेर का दौलत बाग और जयपुर का रामनिवास बाग तो सही मायने में अब बाग रहे ही कहां? यों होने को और भी कई बाग हैं। आपको क्या-क्या बताऊं?
ऐसे ही एक-एक कर कई विचार मन में आते रहे। बचपन में संसार के सात आश्चर्य में से एक बेबीलोन के झूलते बाग के बारे में पढ़ा था, लेकिन अब वह सब इतिहास की बातें रह गई हैं। मैं सोच रहा था कि यों होने को लंदन का हाईड पार्क भी है और वहां का ही बुलावा हो तो कैसा अच्छा रहे? विदेश की सैर भी हो जायेगी लेकिन यह सब मन के लड्डू हैं, फीके क्यों रहें।
मैं सोचने लगा कि आखिर किस बाग में जाऊं और मुझे यानि भंवरजी को बाग में ही क्यों बुलाया है? लेकिन फिर ख्याल आया कि प्राचीन काल से ही बाग का महत्व रहा है। चाहे लंका की अशोकवाटिका हो चाहे कोई और कहते हैं कि सृष्टि के प्रारम्भ में आदम और हव्वा को एक फल खाने की प्रेरणा किसी बाग में ही मिली थी। प्रसिद्ध वैज्ञानिक न्यूटन को गुारुत्वाकर्षण के सिद्धांत का ज्ञान बाग में ही सेव गिरने से हुआ था। अंत में मैंने सोचा, हो न हो यह गंगा-यमुना की धरती 'उत्तम प्रदेशÓ में बनने वाले नए नए बागों में से किसी एक का बुलावा होगा, जहां आम जनता की खून पसीने की कमाई के करोड़ों रुपए समाजसेवा में न लगा कर जिन्दा-मृत नेताओं की मूर्तियां लगाने में लगाए जा रहे हैं और तर्क दिया जा रहा है कि जब मनुवादी देवी-देवताओं की मूर्तियां लगा सकते हैं, महात्मा गांधी की मूर्तियां लगा सकते है तो हम 'मनीवादीÓ अपनी मूर्तियां क्यों नहीं लगा सकते? आखिर तर्क ही तो है! इन बातों से मेरा मन खट्टा हो गया और मैंने कहीं भी जाने का विचार त्याग दिया।
यह व्यंग्य लेख सेवानिवृत्त इंजीनियर श्री शिवशंकर गोयल ने भेजा है। उनका संपर्क सूत्र है -फ्लेट नं. 1201, आई आई टी इंजीनियर्स सोसायटी, प्लाट नं. 12, सैक्टर न.10, द्वारका, दिल्ली- 75, मोबाइल नंबर: 9873706333

पहले आओ पहले खाओ!

कुछ वर्षों पूर्व तक सभा सोसायटियों के किसी भी उत्सव अथवा शादी-विवाह में कोई जिमणार होती थी तो सब मिल बैठ कर पंगत में खाना खाते थे। वह जमाना 'आर्ट ऑॅफ गिविंगÓ का था यानि लेने की बजाय देने में ज्यादा जोर दिया जाता था और कहा जाता था कि 'जब खाओ सब खाओÓ परन्तु इक्कीसवीं सदी के उदारीकरण के इस दौर में सब कुछ बदल गया है। अब फंडा है 'पहले आओ पहले खाओÓ । शादी विवाह से लेकर सरकारी हलकों तक में, सब जगह, यही हो रहा है और अगर खाने वाला कोई 'राजाÓ भी हो और मंत्री भी हो तो फिर कहना ही क्या? सोने में सुहागा या कह लीजिए 'अपना हाथ जगन्नाथÓ वाली कहावत चरितार्थ हो जाती है। राजा कई तरह के होते हैं। पहले कभी चन्द्रवंशी और सूर्यवंशी राजा होते थे, जो प्रिवीपर्स के साथ ही निबट गए। कई लोग लाड-प्यार में अपने छोटे बच्चों को राजा कह कर पुकारते है तो कई वयस्क भी अपने प्रियजन को राजा संबोधित करते हैं। जैसे फिल्म 'ज्वैल थीफÓ में नायिका अपने नायक देवानन्द को एक गाने में कहती है 'ओ मेरे राजा! देर से आई, फिर भी आई, वादा तो निभाया...Ó वगैरह वगैरह।
हम सब यह भी जानते हैं कि दूल्हे को भी कुछ समय के लिए राजा माना जाता है, चाहे उसे अधिकतर चीजें इधर-उधर से व्यवस्था करके पहनाई हुई होती हैं। एक राजा 'मनका राजाÓ होता है। यह राजा अपनी मनमानी करता है। जो मन में आया सो किया। ऐसे राजा हर जगह मिल जायेंगे। कहने का तात्पर्य यह कि राजा राजा ही होता है, जो कर दे वह कम है, इसलिए हम सब को बुरा नहीं मानना चाहिए कि इस बार दक्षिण के 'राजाÓ ने यह कर दिया, वह कर दिया।
अरे भाई! उनका कहना है कि उसने जो कुछ किया है 'जनता के हित में किया है और पहले जैसा होता आया वैसे किया है। यह कोई आज से थोड़े ही हो रहा है। अकबर-बीरबल के जमाने से होता आया है। आप 'आइने अकबरीÓ उठा कर देख लें। अकबर बादशाह के जमाने की बात है। बादशाह को अपने एय्यारों से पता पड़ा कि उनका एक मुलाजिम बहुत भ्रष्ट है, लेकिन वह किसी बेगम का रिश्तेदार भी है, फिर भी बादशाह 'मजबूरÓ नहीं थे, मजबूत थे इसलिए उस मुलाजिम को उन्होंने बंगाल के सूबेदार के पास भेज दिया और कहा कि इसे ऐसी जगह रखो जो सुनसान हो। सूबेदार ने उसे समुद्र के किनारे पोस्टिंग दे दी और कहा कि तुम वहां जाकर समुद्र की लहरें गिनो। उस कारिन्दे ने बिना आनाकानी के समुद्र के किनारे जाकर अपना चार्ज संभाल लिया। आजकल के कारिन्दों की तरह अड़ा नहीं कि मिनिस्टर की डिजायर लिखवा लाये। खैर थोड़े दिन तो उसे नई जगह जमने और स्थिति का जायजा लेने में लगा, लेकिन फिर उसने अपनी कारगुजारी चालू कर दी। वह उधर से निकलने वाले जहाजों से चौथ वसूली करने लगा। उसका उन्हें कहना था कि चूंकि मैं जनता के हित के लिए, सल्तनत की तरफ से, तैनात हूं और समुद्र की लहरें गिन रहा हूं, लेकिन आपके जहाजों के आने से लहरों की चाल गड़बड़ा गई है, इनकी गिनती में खलल पड़ गया है। अब मैं बादशाह को क्या जवाब दूंगा? आपको भारी हर्जाना देना पड़ेगा. इस बात पर जहाज का कप्तान घबरा जाता और लिफाफे अथवा ब्रीफकेस में कुछ ले देकर मामले को रफा-दफा करता। कहने का तात्पर्य यह है कि वह पानी का राजा था। उसने मामला पानी की लहरों से अपना हिसाब कर लिया। अब इस युग में हवा की लहरों, टूजी स्पैक्ट्म का मामला था। इस राजा ने सब कायदे-कानून हवा में उड़ा कर 'पहले आओ पहले खाओÓ की तर्ज पर सब को निबटा दिया। वैसे भी पांच तत्वों में हवा का महत्व पानी से उपर ही है, नीचे नही है। आप किसी जानकार से पूछ कर देख लें। 'पहले आओ पहले खाओÓ की थ्योरी पर भूतपूर्व एनडीए एवं वर्तमान यूपीए दोनों ही सरकारें एकमत हैं। इस मत को अटलबिहारी जी की सरकार ने चलाया। उसे इन्होंने आगे बढ़ाया। दोनों ने ही जी-जी यानि टूजी स्पैक्ट्म के ठेके इसी प्रणाली को आधार मान कर दिए। अब दोनों एक दूसरे को दोष दे रहे हैं। रही बात उन दरबारियों की, जिनका यह कहना है कि इस घोटाले से देश को कोई हानि नहीं हुई, तो ऐसे दरबारी तो मुगलों के जमाने में भी थे और अब भी हैं। कुछ भी हो जाए यह यहीं कहेंगे कि राजकोश का कुछ नहीं बिगड़ा और इसी बात की इनकी 'फीसÓ है।
यह व्यंग्य लेख सेवानिवृत्त इंजीनियर श्री शिवशंकर गोयल ने भेजा है। उनका संपर्क सूत्र है -फ्लेट नं. 1201, आई आई टी इंजीनियर्स सोसायटी, प्लाट नं. 12, सैक्टर न.10, द्वारका, दिल्ली- 75, मोबाइल नंबर: 9873706333
मो. 9873706333.

थाने में और वह भी पांच दिन!

मैं ईश्वर को हाजिर-नाजिर मान कर और अपने सिर पर हाथ रख कर कहता हूं कि जो कुछ भी कहूंगा सच-सच ही कहूंगा और सच के सिवाय कुछ नहीं कहूंगा। जब सन् 1991 के आम चुनाव में मुझे जोनल मैजिस्टे्ट बना कर पुष्कर भेजा गया तो पूरे पांच दिन वहां के थाने में मेरा मुख्यालय बना कर मुझे वहां रहने को कहा गया। ऐसा मुझे थानों में 'मेरे योग्य सेवाÓ की लगने वाली तख्ती को मद्देनजर रखते हुए कहा गया या इसका कोई और रहस्य था। यह मुझे आज तक पता नहीं पड़ा। वैसे भी किसी शरीफ आदमी का पांच रोज थाने में रहना बहुत बड़ी बात है। आप चाहें तो किसी को पूछ कर देख लें।
जहां तक मेरा सवाल है थानों अथवा कोतवाली में बलात्कार एवं पूछताछ में मौतों की शोहरत तथा उनके बाहर रखी तोपों, जिनका मुंह अक्सर ही आम जनता की तरफ होता है, को देख कर मेरे मन में ऐसी दहशत बैठी हुई है कि अमूमन मेरी उधर देखने की हिम्मत ही नहीं होती। यह तो अच्छा हुआ कि सरकार यानि मेरे बॉस को किसी ने बताया नहीं कि मै पूरे पांच रोज पुष्कर पुलिस थाने में बिता कर आया हूं वर्ना सरकारी कायदे-कानून के मुताबिक मैं सस्पैन्ड यानि मुअत्तिल हो गया होता।
सच कह रहा हूं आपसे! जब पहले पहल मैंने सुना कि मुझे पांच रोज पुलिस थाने में रहना पड़ेगा, तो मेरे होश फाख्ता हो गए। या अल्लाह! मुझे किस पाप की सजा दे रहा है? लम्बी उम्र हो उन दुश्मनों की, जिन्होंने मुझे ऐसी स्थिति में ला पटका कि एक-दो नहीं, पूरे पांच रोज पुलिस थाने में रहना पड़ा, लेकिन अब पछताये होत क्या जब चिडिय़ा चुग गई खेत!
पर मेरी असली समस्या तो घर में है। पांच दिन थाने में रहने के कारण अब घर वाली घर में नहीं घुसने दे रही है। सारी रात बीत गई, बोरिये बिस्तर सहित घर के बाहर पड़ा हूं। पांच दिन थाने में रहने के कारण बीबी घर में घुसने ही नहीं दे रही है, जैसे कि एक पिक्चर में चरणदास को पीने की आदत के कारण घर के बाहर रात गुजारनी पड़ी थी। प्रौढ़ व्यक्तियों ने तब यह गाना जरूर सुना होगा:- 'ऐ जी! चरणदास को पीने की जो आदत ना होती, आदत ना होती, तो आज मियां बाहर, बीबी अंदर ना सोती ...Ó
खैर, यह जो हुआ वह तो हुआ, लेकिन आगे न जाने क्या-क्या कहर टूटने
वाला है? मुझे यह भी बात सता रही है कि अब मैं ऊपर जा कर क्या मुंह दिखाऊंगा? उपर से आप मेरा मतलब समझ गए हैं ना? जब वहां डिलिंग असिसटैन्ट चित्रगुप्त के इजलास में पेशी होगी और आवाज पड़ेगी तो क्या जवाब दूंगा? माना कि मुझे वहां-आप समझ तो गए ना कि कहां की बात कर रहा हूं, वकील करने में कोई दिक्कत नहीं आयेगी, लेकिन कौन मेरी बात मानेगा कि मैं तो बेगुनाह था। फकत सरकारी आदेश की वजह से चुनाव के सिलसिले में पांच रोज थाने में रहना पड़ा था और तो और क्या यहां, मृत्युलोक, वाले मुझे छोड़ देंगे? सबसे पहले तो रिश्तेदार, मित्र एवं समाज के लोग ही उंगली उठायेंगे और कहेंगे कि इसने जरूर कुछ किया होगा वर्ना इसे थाने में क्यों रखते। इसकी बात मानने लायक ही नहीं है। मोहल्ले, पास-पड़ौस वाले जीना दुर्भर कर देंगे। कोई पास बैठायेगा नहीं। किसी के घर जाने पर चाय तो क्या पानी तक के लिए पूछेगा नहीं। मैं आगे से इसी पहचान से जाना जाऊंगा 'अरे! वही गोयल साहब, जो सन् 1991 में थाने में पांच रोज रह कर आए थे।Ó बस, एक बार इस तरह के परिचय का लेबल लग गया तो वह जिन्दगी भर की कमाई हो जायेगी।
या अल्लाह! रहम कर और मेरे दामन से यह दाग छुड़ा दे, हालांकि निन्दकों के इस समुद्र में कुछ हितैषी भी हैं, उन्होंने सुझाया था कि जब पुष्कर से वापस आने लगो तो सरोवर में स्नान कर लेना ताकि सारे पाप धुल जाएं, लेकिन मेरा मन नहीं मानता। मैं सोचता हूं अभी तक जितना पाप लोगबाग पुष्कर में स्नान करके छोड़ गए है। उसे भले आदमी टै्रक्टर ट्रालियों में भर कर ले जाते ले जाते थक गए है। अब मैं ही उनका बोझ और क्यों बढ़ाऊं?

यह व्यंग्य लेख सेवानिवृत्त इंजीनियर श्री शिवशंकर गोयल ने भेजा है। उनका संपर्क सूत्र है -फ्लेट नं. 1201, आई आई टी इंजीनियर्स सोसायटी, प्लाट नं. 12, सैक्टर न.10, द्वारका, दिल्ली- 75, मोबाइल नंबर: 9873706333

गुरुवार, 14 जुलाई 2011

आप हंसेंगे तो नहीं न ?

घटना पुरानी है। एक बार एक इन्सपैक्टर ऑफ स्कूल एक कस्बे में अचानक ही किसी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंच गए। वे स्कूल के एक क्लास रूम में गए। वहां पढ़ा रहे मास्Óसाब से उन्होंने पूछा कि आप इस समय बच्चों को क्या पढ़ा रहे हैं? मास्टर साहब ने बताया कि इनको रामायण का ज्ञान कराया है, आज ही समाप्त हुई है। इस बात को सुन कर इन्सपैक्टर साहब बहुत खुश हुए कि चलो कहीं तो देश की संस्कृति की शिक्षा दी जा रही है और उन्होंने विद्यार्थियों की परीक्षा लेने की गरज से एक लड़के से पूछा कि बताओ बेटे! जनक का धनुष किसने तोड़ा? अचानक पूछे गए प्रश्न से लड़का घबरा गया और चुपचाप खड़ा रहा, इस पर इन्सपैक्टर साहब ने उससे पुन: पूछा कि बताओ, धनुष किसने तोड़ा? इस बात पर लडका डर गया और मार पडऩे की भावी आशंका से बचने हेतु उसने अपना सिर दोनों हाथों में छिपा लिया (उस समय अधिकतर बच्चे ऐसे ही किया करते थे) और लगभग मिमियाते हुए उत्तर दिया कि धनुष मैंने तो नहीं तोड़ा, आप चाहे तो किसी को भी पूछ लें। मैं तो जनक को जानता तक नहीं हंू। इस पर इन्सपैक्टर साहब को गुस्सा आ गया और उन्होंने उसी अंदाज में मास्Óसाब की तरफ देखा तो मास्Óसाब ने बड़ी मासूमियत से जवाब दिया कि सर! मेरे ख्याल से भी धनुष इसने नहीं तोड़ा होगा, यह तो क्लास का सबसे शरीफ लड़का है। यह सुन कर तो इन्सपैक्टर साहब का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वह मास्Óसाब और लड़के को लेकर हैडमास्टर के कमरे में पहुंच गए और गुस्से में ही सारी घटना उन्हें बताई। हैडमास्टर साहब धर्म-कर्म को मानने वाले शख्स थे। तिलक छापा लगा कर स्कूल आते थे। यह सुन कर उन्होंने लड़के को डांटते हुए कहा कि सच-सच बता कि धनुष किसने तोड़ा? लड़का अपनी बात पर अड़ा रहा एवं भगवान की सौगंध खाकर बोला कि धनुष मैंने नहीं तोड़ा। इस पर हैडमास्टर ने मास्Óसाब से कहा कि इससे गीता पर हाथ रखवा कर कहलवाओ कि धनुष मैंने नहीं तोड़ा? तब मास्टर साहब ने बताया कि सर! गीता तो आज छुटटी पर है। वह स्कूल नहीं आई है। आप कहें तो किसी और लड़की को बुलवा लूं ? इस पर हैडमास्टर साहब अपना सिर खुजलाने लगे और उधर इन्सपैक्टर साहब को काटो तो खून नहीं। उन्होंने हैडमास्टर साहब से कहा कि यह क्या हो रहा है? हैडमास्टर साहब बोले कि आजकल लड़के बहुत झूठ बोलने लगे हैं। नैतिकता का स्तर दिनोंदिन गिरता जा रहा है। मां-बाप के पास बच्चों को नैतिक शिक्षा देने का समय ही नहीं है। फिर कुछ देर ठहर कर वह बोले 'धनुष तो अब टूट ही गया, जो हुआ सो हुआ, ऐसा करते है कि इम्प्रैस्ट, सरकारी खर्च, से उसे ठीक करवा लेते हैं, बात आई-गई हो जायेगी।Ó
यह सब देख सुन कर इन्सपैक्टर साहब तो भुनभुनाते हुए चले गए, लेकिन हैड मास्टर साहब को चैन कहां? उनको कुछ कुछ याद आया कि एक धनुष का जिक्र रामायण में भी आया था। इस धनुष ने बड़े-बड़े बखेड़े खड़े किए हैं, जाने कब इससे पिन्ड छूटेगा? आज की घटना से हैडमास्टर साहब की चिन्ता बढती जा रही थी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को फोन पर बता दिया कि सर! ऐसी ऐसी बात हुई है और न तो क्लास के विद्यार्थी और न ही अध्यापक यह बता पाये कि धनुष किसने तोड़ा। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने जिलाधीश को सूचित कर दिया कि कोई धनुष टूटा है, लेकिन तोडऩे वाले का कुछ पता नहीं पड़ा है, जिन्होंने तत्काल ही जिले में रैड अलर्ट घोषित कर दिया एवं समस्त शिक्षण संस्थाओं में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस का पहरा बैठा दिया गया। साथ ही इधर उन्होंने शिक्षा अधिकारी से इस बाबत विस्तृत रिपोर्ट मांग ली, उधर शिक्षा सचिव को भी सचिवालय में सूचित कर दिया। उधर सचिवालय में शिक्षा सचिव एक फाइल पर 'मोस्ट अर्जन्टÓ का फ्लैग लगा कर मंत्रीजी के पास पहुंचे और उन्हें किसी धनुष टूटने की खबर बताई। उन्होंने भी तत्काल पहले सीएस को एवं फिर सीएम को मोबाइल पर सूचित कर दिया, जो कि उस समय दिल्ली में बड़ी हुकुम के बंगले पर थे। सीएम ने मंत्रीजी को आदेश दिया कि आप तत्काल 'डिजास्टर मैनेजमेन्टÓ की बैठक बुला कर चर्चा शुरू कर दे। कहीं यह आइएसआई अथवा लश्करे तैयबा का कारनामा न हो? उधर प्रिन्ट एवं इलैक्ट्रॉनिक मीडिया को भी कहीं से खबर लग गई। वह भी सक्रिय होकर सनसनी फैलाने लगे। पूरे सचिवालय विशेष कर गृह मंत्रालय में गहरी चिंता व्याप्त हो गई। वहां कागजी घोड़े, फाइलें, दौडऩे लगे। उसी समय एक फाइल पर गृह मंत्रालय से आई यह टिप्पणी उल्लेखनीय थी कि 'धनुष के टूटे हुए अवशेषों का भी पता लगाया जाए, जिससे यह पता लग सके कि वह कहां का बना हुआ था और उसे बनाने में किस-किस चीज का इस्तेमाल हुआ था। विधि मंत्रालय की यह टिप्पणी भी गौरतलब थी कि त्रेता युग की ऐसी ही घटना का केस उसी समय किसी कचहरी में अवश्य ही दायर हुआ होगा और अब वह कलियुग में तो सुनवाई के लिए लग ही गया होगा। उसका भी पता किया जाए ताकि उसमें 'केविटÓ, अग्रिम अर्जी लगाई जा सके। वैसे भी कलियुग का क्या भरोसा, जाने कब प्रलय हो जाए, क्योंकि वैसे भी कतिपय ज्योतिषी एवं टीवी चैनल सनसनी फैलाते हुए समय-समय पर प्रलय होने की घोषणा करते रहते हैं। ऐसे में पता नहीं उस केस का क्या हश्र हो।
उधर जब स्कूल की छुटटी हो गई तो बच्चे अपने-अपने घर चले गए। जिस विद्यार्थी से सवाल पूछा गया था उसने घर आ कर डरते-डरते यह बात अपने माता-पिता को बताई। इस पर बच्चे के पिताजी ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी से कहा कि देखा तुमने, आजकल के मास्टर बच्चों को क्या पढ़ा रहे हैं? उन्हें इतना भी नहीं मालुम कि जनक का धनुष किसने तोड़ा, लाओ महाभारत, मैं अभी उसमें से देख कर बताता हूं और लड़के की मम्मी यह बड़बड़ाते हुए घर में महाभारत ढूंढने चल दी कि जाने किस टांड पर रखी हुई है?
यह व्यंग्य लेख सेवानिवृत्त इंजीनियर श्री शिवशंकर गोयल ने भेजा है। उनका संपर्क सूत्र है -फ्लेट नं. 1201, आई आई टी इंजीनियर्स सोसायटी, प्लाट नं. 12, सैक्टर न.10, द्वारका, दिल्ली- 75, मोबाइल नंबर: 9873706333

शनिवार, 9 जुलाई 2011

आडवाणी जी ने किया लोकपाल विधेयक के इतिहास का खुलासा


पिछले कुछ दिनों से लोकपाल विधेयक को बड़ा हल्ला मचा हुआ है। अन्ना हजारे के अनशन के बाद केन्द्र सरकार हालांकि उनकी टीम के साथ प्रभावी लोकपाल विधेयक बनाने को राजी हुई और उस पर बहस भी हुई, मगर सहमति नहीं हुई। विशेष रूप से प्रधानमंत्री, सुप्रीम कोर्ट व सांसदों के मुद्दे पर मतांतर बना हुआ है। ऐसे में अन्ना हजारे ने सभी राजनीतिक दलों से अलग-अलग चर्चा की है। सरकार कह रही है कि वह विधेयक संसद में पेश कर देगी, वहीं पर फैसला होगा। उधर अन्ना हजारे अपनी टीम की ओर से तैयार ड्राफ्ट को ही लागू करवाने के लिए अड़े हुए हैं और आगामी 16 अगस्त से फिर अनशन की चेतावनी दे चुके हैं।
असल में लोकपाल विधेयक का इतिहास काफी पुराना है। कितनी ही बार इस पर चर्चा हो चुकी है, मगर हर बार किसी न किसी वजह से बाधाएं आती रहीं। यह पहला मौका है कि इस पर पूरे देश को जगाने की कोशिश हुई है। आमजन की भी इसमें रुचि जागृत हुई है और वे इसके बारे में जानना चाहते हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उप प्रधानमंत्री श्री लाल कृष्ण आडवाणी लोकपाल विधेयक के इतिहास के काफी करीबी गवाह हैं। उन्होंने हाल ही अपने ब्लॉग पर इसका खुलासा किया है। उन्होंने लिखा है कि भारतीय संसद के इतिहास में यही ऐसा विधेयक है, जिसका इतिहास सर्वाधिक इतना उतार-चढ़ाव वाला रहा है।
वे लिखते हैं कि लोकपाल शब्द मूलत: स्वीडन के अम्बुड्समैन का भारतीय संस्करण है, जिसका अर्थ होता है कि जिससे शिकायत की जा सकती हो। अर्थात अम्बुड्समैन वह अधिकारी है, जिसकी नियुक्ति प्रशासन के विरुद्ध शिकायतों की जांच करने हेतु की जाती है।
लोकपाल विधेयक के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए आडवाणी जी बताते हैं कि सन् 1966 में तत्कालीन राष्ट्रपति डा. राधाकृष्णन ने प्रशासनिक सुधार आयोग गठित किया था, जिसके अध्यक्ष मोरारजी भाई देसाई थे। इसी आयोग ने लोकपाल गठित करने हेतु कानून बनाने का सुझाव दिया था। उन्हीं के सुझाव पर पहली बार 43 साल पहले चौथी लोकसभा में इस किस्म के विधेयक को पेश किया गया था। तब इसे लोकपाल और लोकायुक्त विधेयक, 1968 के रूप में वर्णित किया गया था। तब से लेकर आज की पंद्रहवीं लोकसभा तक इसका इतिहास काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है, जिसके कि आडवाणी जी गवाह हैं।
आडवाणी जी बताते हैं पहली बार विधेयक को दोनों सदनों की संयुक्त समिति को भेजा गया और समिति की रिपोर्ट के आधार पर विधेयक को लोकसभा ने पारित किया, लेकिन जब विधेयक राज्यसभा में लम्बित था, तभी लोकसभा भंग हो गई और इसलिए विधेयक रद्द हो गया।
पांचवीं लोकसभा में श्रीमती इंदिरा गांधी ने एक बार फिर इस इस विधेयक को प्रस्तुत किया। 6 वर्षों की लम्बी अवधि में यह विचार किये जाने वाले विधेयकों की श्रेणी में पड़ा रहा। सन् 1977 में लोकसभा भंग हो गई और विधेयक भी रद्द हो गया।
इसके बाद सन् 1977 में मोरारजी भाई देसाई की सरकार में यह विधेयक लोकपाल विधेयक, 1977 के रूप में प्रस्तुत किया गया। विधेयक को संयुक्त समिति को भेजा गया जिसने जुलाई, 1978 में अपनी रिपोर्ट सौंप दी। जब विधेयक को लोकसभा में विचारार्थ लाना था, तब लोकसभा स्थगित हो गई और बाद में भंग। और इस प्रकार यह विधेयक भी समाप्त हो गया।
सन् 1980 में गठित सातवीं लोकसभा में ऐसा कोई विधेयक पेश नहीं किया गया। सन् 1985 में, जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे, तब लोकपाल विधेयक नए सिरे से प्रस्तुत किया गया । इसे फिर संयुक्त समिति को सौंप दिया गया। उस समय श्री आडवाणी जी राज्यसभा में विपक्ष के नेता थे। उन्होंने शुरू में ही बता दिया कि दो संयुक्त समितियां पहले ही गहराई से इस विधेयक का परीक्षण कर चुकी हैं। इस व्यापक काम को फिर से करने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन समिति ने अपने हिसाब से इसे नहीं माना। तीन वर्षों तक समिति ने शिमला से त्रिवेन्द्रम और पंजिम से पोर्ट ब्लयेर तक पूरे देश का दौरा किया। वास्तव में समिति ने 23 विभिन्न राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों का दौरा किया। समिति का कार्यकाल कम से कम आठ बार बढ़ाया गया और इसकी समाप्ति 15 नवम्बर, 1988 को तत्कालीन गृहराज्य मंत्री चिदम्बरम ने समिति को सूचित किया कि सरकार ने इस विधेयक को वापस लेने का निर्णय किया है। संयुक्त समिति में विपक्ष के सभी सदस्यों पी. उपेन्द्र, अलादी अरुणा, के. पी. उन्नीकृष्णन, जयपाल रेड्डी, सी. माधव रेड्डी, जेनइल आबेदीन, इन्द्रजीत गुप्त, वीरेन्द्र वर्मा और आडवाणी जी के हस्ताक्षरों से युक्त एक असहमति नोट संयुक्त रूप से प्रस्तुत किया गया। उसमें दर्ज किया गय कि आज तक लोकपाल विधेयक के अनेक प्रारूप प्रस्तुत किए जा चुके हैं। 1985 वाला विधेयक विषयवस्तु में नीरस और दायरे में सर्वाधिक सीमितता से भरा है। अत: जब सरकार ने इसे दोनों सदनों की संयुक्त समिति को भेजने का निर्णय लिया तो आडवाणी जी सहित सभी आशान्वित हुए कि सरकार इस विधेयक की अनेक कमजोरियों को सुधारने के लिए खुले रूप से तैयार है।
आडवाणी जी सहित सभी ने बहुमत के इस विचार कि विधेयक को वापस ले लिया जाए से कड़ी असहमति व्यक्त करते हुए कहा कि संयुक्त समिति की तीन वर्षों की लम्बी मेहनत व्यर्थ में खर्चीली कार्रवाई सिध्द होगी। अहसति पत्र में लिखा गया कि शुरुआत से ही सभी इस विचार के थे कि जो विधेयक प्रस्तुत किया गया है, वह अपर्याप्त है। सरकार इससे सहमत नहीं थी और उसके बाद उसने आगे बढऩे का फैसला किया। और अब, तीन वर्षों के बाद, शायद यह इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि यह न केवल अपर्याप्त है, अपितु यह इतना खराब भी है कि इसे सुधारा भी नहीं जा सकता। विधेयक की वर्तमान विसंगतियों के बावजूद लोकपाल से, मंत्रियों की ईमानदारी की जांच करने वाले के रूप में आशा की जाती है। पिछले दो वर्षों में उच्च पदों पर भ्रष्टाचार सार्वजनिक बहसों का जोशीला मुद्दा बन चुका है। राज्यों में लोकायुक्त के क्षेत्राधिकार के कामकाज का अध्ययन करके पता चला कि अनेक राज्यों के मुख्यमंत्री लोकायुक्त के क्षेत्राधिकार में आते हैं, अत: आडवाणी जी का यह दृढ़ मत है कि प्रधानमंत्री का पद भी लोकपाल के क्षेत्राधिकार में लाया जाना चाहिए। यह अत्यन्त ही दुख का विषय है कि इस मुद्दे पर लोगों की चिंताओं और हमारी मांग के औचित्य की सराहना करने के बजाय सरकार का रुख इस विधेयक को ही तारपीडो करना तथा इसे वापस लेने की ओर बढऩे वाला है। अत: संयुक्त समिति को जनता की नजरों में गिराना है। उच्च पदों पर बैठे लोगों के विरुद्ध भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते सरकार की घबराहट को दर्शाता है तथा एक ऐसी संस्था का गठन करने से कतराने को भी, जो उसके लिए चिंता का कारण बन सकती है। सरकार द्वारा अपने कुकर्मों पर पर्दा डालने के लिए के भौंडे सरकारी प्रयासों का हम समर्थन नहीं कर सकते। इसलिए यह असहमति वाला नोट प्रस्तुत है।
आडवाणी जी आगे बताते हैं कि सन् 1989 में राजीव गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस चुनाव हार गई। श्री विश्वनाथ प्रताप सिंह भाजपा और वामपंथी दलों के बाहरी समर्थन से बनी गठबंधन सरकार के प्रधानमंत्री बने। सन् 1989 में इस सरकार द्वारा प्रस्तुत लोकपाल विधेयक में स्वाभाविक रूप से 1988 के संयुक्त असहमति नोट में दर्ज गैर-कांग्रेसी विचारों की अभिव्यक्ति देखने को मिली और प्रधानमंत्री को भी इसके दायरे में लाया गया। तत्पश्चात अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए सरकार द्वारा प्रस्तुत लोकपाल विधेयकों में भी प्रधानमंत्री को इसके दायरे में रखा गया। आडवाणी जी बताते हैं कि उन्हें अच्छी तरह से याद है कि प्रधानमंत्री के रूप में श्री अटल बिहारी वाजपेयी इस पर अडिग थे कि प्रधानमंत्री को लोकपाल के दायरे के बाहर नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
आडवाणी जी ने एक तालिका भी दी है, जिसमें दर्शाया गया है कि सन् 1968 से प्रस्तुत सम्बन्धित विधेयकों में से किन-किन में प्रधानमंत्री को इसके दायरे में रखा गया और किन-किन से बाहर
लोकपाल और लोकायुक्त विधेयक, 1968 नहीं
लोकपाल और लोकायुक्त विधेयक, 1974 नहीं
लोकपाल विधेयक 1977 नहीं
लोकपाल विधेयक 1985 नहीं
लोकपाल विधेयक 1989 हां
लोकपाल विधेयक 1996 हां
लोकपाल विधेयक 1998 हां
लोकपाल विधेयक 2001 हां
टेलपीस (पश्च लेख)
इस तालिका के बाद आडवाणी जी लिखते हैं कि वे चालीस साल से संसद में हैं और सरकार द्वारा बुलाई गई अनगिनत सर्वदलीय बैठकों में भाग ले चुके हैं। गत 3 जुलाई की शाम को प्रधानमंत्री द्वारा आहत बैठक न केवल अनोखी सिध्द हुई और ऐसी भी जो अतीत में कभी देखने को नहीं मिली। कभी भी ऐसा नहीं हुआ कि सर्वदलीय बैठक सरकार की आलोचना करने पर सर्वसम्मत हुई है, जैसी कि पिछले सोमवार को हुआ। लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने विचार-विमर्श की शुरुआत की। उनका भाषण खरा और दमदार था। देश एक मजबूत और प्रभावी लोकपाल चाहता है, लेकिन इस मुद्दे पर सरकार का जो रुख रहा और संसद को एक किनारे कर दिया गया, उसके बचाव में कुछ नहीं कहा जा सकता। प्रचलित संसदीय प्रक्रिया को दरकिनार कर इसने मामले को उलझा दिया और अपने आपको हंसी का पात्र बना दिया। यह सर्वदलीय बैठक इस मुसीबत में से निकलने का प्रयास दिखती थी। बैठक में बोलने वाले सभी सांसदों ने भाजपा नेत्री की बात का समर्थन किया। बैठक में अंतिम वक्ता थे राज्य सभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली। उन्होंने कहा सरकार ने यहां पर विधेयक के दो प्रारूप हमें दिए हैं-एक टीम हजारे द्वारा तैयार और दूसरा पांच मंत्रियों द्वारा तैयार। उन्होंने इस पर जोर दिया कि मंत्रियों वाले प्रारूप ने लोकपाल को एक दब्बू सरकारी व्यक्ति बना दिया। जब सरकार ने संसद में लोकपाल विधेयक प्रस्तुत करे तो वर्तमान प्रारूप् को आमूल चूल बदल देना चाहिए।


-कंवल
प्रकाश किशनानी,
जिला प्
रचार मंत्री, शहर जिला भाजपा अजमेर
निवास-599/9, राजेन्द्रपुरा, हाथीभाटा, अजमेर
फोन-0145-2627999, मोबाइल-98290-70059 फैक्स- 0145-2622590

गुरुवार, 7 जुलाई 2011

भारत को एक रखने के लिए बलिदान हुए मुखर्जी

भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारत को पूरी तरह एक बनाए रखने के लिए बलिदान दिया था। जम्मू कश्मीर को भी शेष भारत के समान दर्जा दिए जाने के प्रबल पक्षधर डॉ. मुखर्जी पंडित जवाहर लाल नेहरू के मंत्रिमंडल के सदस्य थे। कश्मीर के मामले में नेहरू जी के साथ उनके गंभीर मतभेद थे, जिनकी परिणति पहले उनके इस्तीफे में और फिर 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना में हुई। जम्मू-कश्मीर में परमिट प्रणाली का विरोध करते हुए वे बिना अनुमति वहां गये और वहीं उनका प्राणान्त हुआ।
डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के पिता श्री आशुतोष मुखर्जी कलकत्ता विश्वविद्यालय के संस्थापक उपकुलपति थे। उनके देहांत के बाद केवल 23 वर्ष की अवस्था में श्यामाप्रसाद जी को वि.वि. की प्रबन्ध समिति में ले लिया गया। 33 वर्ष की छोटी अवस्था में ही वे कलकत्ता वि.वि. के उपकुलपति बने।
डॉ. मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर के भारत में पूर्ण विलय के लिए बलिदान दिया। परमिट प्रणाली का विरोध करते हुए वे बिना अनुमति वहां गये और वहीं उनका प्राणान्त हुआ।
कश्मीर सत्याग्रह क्यों?
भारत स्वतन्त्र होते समय अंग्रेजों ने सभी देशी रियासतों को भारत या पाकिस्तान में विलय अथवा स्वतन्त्र रहने की छूट दी। इस प्रक्रिया की देखभाल गृहमंत्री सरदार पटेल कर रहे थे। भारत की प्राय: सब रियासतें स्वेच्छा से भारत में मिल गयीं। शेष हैदराबाद को पुलिस कार्यवाही से तथा जूनागढ़, भोपाल और टोंक को जनदबाव से काबू कर लिया; पर जम्मू-कश्मीर के मामले में पटेल कुछ नहीं कर पाये क्योंकि नेहरू जी ने इसे अपने हाथ में रखा।
मूलत: कश्मीर के निवासी होने के कारण नेहरू जी वहां सख्ती करना नहीं चाहते थे। उनके मित्र शेख स्वतंत्र जम्मू-कश्मीर के प्रधान बनना चाहते थे, दूसरी ओर वह पाकिस्तान से भी बात कर रहे थे। इसी बीच पाकिस्तान ने कबाइलियों के वेश में हमला कर घाटी का 2/5 भाग कब्जा लिया। यह आज भी उनके कब्जे में है और इसे वे 'आजाद कश्मीरÓ कहते हैं।
नेहरू की ऐतिहासिक भूल
जब भारतीय सेनाओं ने कबायलियों को खदेडऩा शुरू किया, तो नेहरू जी ने ऐतिहासिक भूल कर दी। वे 'कब्जा सच्चा, दावा झूठाÓ वाले सामान्य सिद्धांत को भूलकर जनमत संग्रह की बात कहते हुए मामले को संयुक्त राष्ट्र संघ में ले गये। सं.रा. संघ ने सैनिक कार्यवाही रुकवा दी। नेहरू ने राजा हरिसिंह को विस्थापित होने और शेख अब्दुल्ला को अपनी सारी शक्तियां सौंपने पर भी मजबूर किया।
शेख ने शेष भारत से स्वयं को पृथक मानते हुए वहां आने वालों के लिए अनुमति पत्र लेना अनिवार्य कर दिया। इसी प्रकार अनुच्छेद 370 के माध्यम से उन्होंने राज्य के लिए विशेष शक्तियां प्राप्त कर लीं। अत: आज भी वहां जम्मू-कश्मीर का हल वाला झंडा फहरा कर कौमी तराना गाया जाता है।
जम्मू-कश्मीर के राष्ट्रवादियों ने 'प्रजा परिषदÓ के बैनर तले रियासत के भारत में पूर्ण विलय के लिए आंदोलन किया। वे कहते थे कि विदेशियों के लिए परमिट रहें; पर भारतीयों के लिए नहीं। शेख और नेहरू ने इस आंदोलन का लाठी-गोली के बल पर दमन किया; पर इसकी गरमी पूरे देश में फैलने लगी। 'एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान- नहीं चलेंगेÓ के नारे गांव-गांव में गूंजने लगे। भारतीय जनसंघ ने इस आंदोलन को समर्थन दिया। डॉ. मुखर्जी ने अध्यक्ष होने के नाते स्वयं इस आंदोलन में भाग लेकर बिना अनुमति पत्र जम्मू-कश्मीर में जाने का निश्चय किया।
जनसंघ के प्रयास
इससे पूर्व जनसंघ के छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को कश्मीर जाकर परिस्थिति का अध्ययन भी नहीं करने दिया गया। वस्तुत: शेख ने डॉ. मुखर्जी सहित जनसंघ के प्रमुख नेताओं की सूची सीमावर्ती जिलाधिकारियों को पहले से दे रखी थी, जिन्हें वह किसी भी कीमत पर वहां नहीं आने देना चाहते थे। यद्यपि अकाली, सोशलिस्ट तथा कांग्रेसियों को वहां जाने दिया गया। कम्युनिस्टों ने तो उन दिनों वहां अपना अधिवेशन भी किया। स्पष्ट है कि नेहरू और शेख को जनसंघ से ही खास तकलीफ थी।
कश्मीर की ओर प्रस्थान
डॉ. मुखर्जी ने जाने से पूर्व रक्षा मंत्री से पत्र द्वारा परमिट के औचित्य के बारे में पूछा; पर उन्हें कोई उत्तर नहीं मिला। इस पर उन्होंने बिना परमिट वहां जाने की घोषणा समाचार पत्रों में छपवाई और 8-5-1953 को दिल्ली से रेल द्वारा पंजाब के लिए चल दिये। दिल्ली स्टेशन पर हजारों लोगों ने उन्हें विदा किया। रास्ते में हर स्टेशन पर स्वागत और कुछ मिनट भाषण का क्रम चला।
इस यात्रा में डॉ. मुखर्जी ने पत्रकार वार्ताओं, कार्यकर्ता बैठकों तथा जनसभाओं में शेख और नेहरू की कश्मीर-नीति की जमकर बखिया उधेड़ी। अम्बाला से उन्होंने शेख को तार दिया, ''मैं बिना परमिट जम्मू आ रहा हूं। मेरा उद्देश्य वहां की परिस्थिति जानकर आंदोलन को शांत करने के उपायों पर विचार करना है।ÓÓ इसकी एक प्रति उन्होंने नेहरू को भी भेजी। फगवाड़ा में उन्हें शेख की ओर से उत्तर मिला कि आपके आने से कोई कार्य सिद्ध नहीं होगा।
गिरफ्तारी
अब डॉ. मुखर्जी ने अपने साथ गिरफ्तारी के लिए तैयार साथियों को ही रखा। 11 मई को पठानकोट में डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि उन्हें बिना परमिट जम्मू जाने की अनुमति दे दी गयी है। वे सब जीप से सायं 4.30 पर रावी नदी के इस पार स्थित माधोपुर पोस्ट पहुंचे। उन्होंने जीप के लिए परमिट मांगा। डिप्टी कमिश्नर ने उन्हें रावी के उस पार स्थित लखनपुर पोस्ट तक आने और वहीं जीप को परमिट देने की बात कही।
सब लोग चल दिये; पर पुल के बीच में ही पुलिस ने उन्हें बिना अनुमति आने तथा अशांति भंग होने की आशंका का आरोप लगाकर पब्लिक सेफ्टी एक्ट की धारा तीन ए के अन्तर्गत पकड़ लिया। उनके साथ वैद्य गुरुदत्त, पं0 प्रेमनाथ डोगरा तथा श्री टेकचन्द शर्मा ने गिरतारी दी, शेष चार को डॉ. साहब ने लौटा दिया।
डॉ. मुखर्जी ने बहुत थके होने के कारण सवेरे चलने का आग्रह किया; पर पुलिस नहीं मानी। रात में दो बजे वे बटोत पहुंचे। वहां से सुबह चलकर दोपहर तीन बजे श्रीनगर केन्द्रीय कारागार में पहुंच सके। फिर उन्हें निशातबाग के पास एक घर में रखा गया। शाम को जिलाधिकारी के साथ आये डॉ. अली मोहम्मद ने उनके स्वास्थ्य की जांच की। वहां समाचार पत्र, डाक, भ्रमण आदि की ठीक व्यवस्था नहीं थी।
वहां शासन-प्रशासन के अधिकारी प्राय: आते रहते थे; पर उनके सम्बन्धियों को मिलने नहीं दिया गया। डॉ. साहब के पुत्र को तो कश्मीर में ही नहीं आने दिया गया। अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यदि आप घूमने जाना चाहते हैं, तो दो मिनट में परमिट बन सकता है; पर अपने पिताजी से मिलने के लिए परमिट नहीं बनेगा। सर्वोच्च न्यायालय के वकील उमाशंकर त्रिवेदी को 'बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिकाÓ प्रस्तुत करने के लिए भी डॉ. मुखर्जी से भेंट की अनुमति नहीं मिली। फिर उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप पर यह संभव हो पाया।
हत्या का षड्यन्त्र
19-20 जून की रात्रि में डॉ. मुखर्जी की पीठ में दर्द एवं बुखार हुआ। दोपहर में डॉ. अली मोहम्मद ने आकर उन्हें 'स्टैप्टोमाइसिनÓ इंजैक्शन तथा कोई दवा दी। डॉ. मुखर्जी ने कहा कि यह इंजैक्शन उन्हें अनुकूल नहीं है। अगले दिन वैद्य गुरुदत्त ने इंजैक्शन लगाने आये डॉ. अमरनाथ रैना से दवा के बारे में पूछा, तो उसने भी स्पष्ट उत्तर नहीं दिया।
इस दवा से पहले तो लाभ हुआ; पर फिर दर्द बढ़ गया। 22 जून की प्रात: उन्हें छाती और हृदय में तेज दर्द तथा सांस रुकती प्रतीत हुई। यह स्पष्टत: दिल के दौरे के लक्षण थे। साथियों के फोन करने पर डॉ. मोहम्मद आये और उन्हें अकेले नर्सिंग होम ले गये। शाम को डॉ. मुखर्जी के वकील श्री त्रिवेदी ने उनसे अस्पताल में जाकर भेंट की, तो वे काफी दुर्बलता महसूस कर रहे थे।
23 जून प्रात: 3.45 पर डॉ. मुखर्जी के तीनों साथियों को तुरंत अस्पताल चलने को कहा गया। वकील श्री त्रिवेदी भी उस समय वहां थे। पांच बजे उन्हें उस कमरे में ले जाया गया, जहां डॉ. मुखर्जी का शव रखा था। पूछताछ करने पर पता लगा कि रात में ग्यारह बजे तबियत बिगडऩे पर उन्हें एक इंजैक्शन दिया गया; पर कुछ अंतर नहीं पड़ा और ढाई बजे उनका देहांत हो गया।
अंतिम यात्रा
डॉ. मुखर्जी के शव को वायुसेना के विमान से दिल्ली ले जाने की योजना बनी; पर दिल्ली का वातावरण गरम देखकर शासन ने उन्हें अम्बाला तक ही ले जाने की अनुमति दी। जब विमान जालन्धर के ऊपर से उड़ रहा था, तो सूचना आयी कि उसे वहीं उतार लिया जाये; पर जालन्धर के हवाई अड्डे ने उतरने नहीं दिया। दो घंटे तक विमान आकाश में चक्कर लगाता रहा। जब वह नीचे उतरा तो वहां खड़े एक अन्य विमान से शव को सीधे कलकत्ता ले जाया गया। कलकत्ता में दमदम हवाई अड्डे पर हजारों लोग उपस्थित थे। रात्रि 9.30 पर हवाई अड्डे से चलकर लगभग दस मील दूर उनके घर तक पहुंचने में सुबह के पांच बज गये। इस दौरान लाखों लोगों ने अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन किये। 24 जून को दिन में ग्यारह बजे शवयात्रा शुरू हुई, जो तीन बजे शवदाह गृह तक पहुंची।
इस घटनाक्रम को एक षड्यन्त्र इसलिए कहा जाता है क्योंकि डॉ. मुखर्जी तथा उनके साथी शिक्षित तथा अनुभवी लोग थे; पर उन्हें दवाओं के बारे में नहीं बताया गया। मना करने पर भी 'स्टैऊप्टोमाइसिनÓ का इंजैक्शन दिया गया। अस्पताल में उनके साथ किसी को रहने नहीं दिया गया। यह भी रहस्य है कि रात में ग्यारह बजे उन्हें कौन सा इंजैक्शन दिया गया?
उनकी मृत्यु जिन संदेहास्पद स्थितियों में हुई तथा बाद में उसकी जांच न करते हुए मामले पर लीपापोती की गयी, उससे कई सवाल खड़े होते हैं। यद्यपि इस मामले से जुड़े प्राय: सभी लोग दिवंगत हो चुके हैं, फिर भी निष्पक्ष जांच होने पर आज भी कुछ तथ्य सामने आ सकते हैं।
-कंवल प्र
काश किशनानी,
जिला प्र
चार मंत्री, शहर जिला भाजपा अजमेर
निवास-5
99/9, राजेन्द्रपुरा, हाथीभाटा, अजमेर
फोन-0145-2627999, मोबाइल-98290-70059 फैक्स- 0145-2622590